मनीष गुप्ता हत्याकांड: CBI ने दर्ज की एफआईआर, जगत नारायण सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों को बनाया आरोपी
मनीष गुप्ता हत्याकांड: CBI ने दर्ज की एफआईआर, जगत नारायण सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों को बनाया आरोपी
लखनऊ, 03 नवंबर: रियल स्टेट कारोबारी मनीष कुमार गुप्ता हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीबीआई द्वारा दर्ज की एफआईआर में इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह, सब इंस्पेक्टर अक्षय मिश्रा, सब इंस्पेक्टर विजय यादव और तीन अज्ञात पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। मृतक मनीष गुप्ता की पत्नी ने सीबीआई जांच की मांग की थी। बता दें, इस मामले में फरार चल रहे सभी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बता दें कि अभी तक इस मामले की जांच एसआईटी कर रही थी। एसआईटी सभी छह आरोपियों को जेल भेज चुकी है। तमाम अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं। केवल चश्मदीदों के कोर्ट में बयान होने बाकी थे। तो वहीं, अब एफआईआर दर्ज करने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले में नए सिरे से एक-एक बिंदु पर पड़ताल करेगी। बताया जा रहा है कि सीबीआई ज्लद ही गोरखपुर जाएंगी और घटनास्थल का निरीक्षण भी करेगी।
सुप्रीम कोर्ट में मनीष की पत्नी ने दाखिल की थी अर्जी
दरअसल, मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि वे मामले में एसआईटी जांच से संतुष्ट नहीं हैं। इस मामले में सीबीआई जांच की जानी चाहिए। जिसके बाद कोर्ट ने केंद्र और यूपी सरकार से जवाब दाखिल करने को कहा है। साथ ही 12 नवंबर को मामले पर अगली सुनवाई की तारीख दी।
यह है पूरा मामला
कानपुर के रहने वाले मनीष गुप्ता की गोरखपुर के कृष्णा होटल में बीते 27 सितंबर की रात को पुलिस की पिटाई के बाद मौत हो गई थी। पिटाई का आरोप गोरखपुर के मुसाफिरखाना थाना निरीक्षक जगत नारायण सिंह, एसआई अक्षय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक राहुल दुबे, मुख्य आरक्षी कमलेश सिंह यादव और आरक्षी नागरिक पुलिस प्रशांत कुमार पर लगा था। जिन्हें एसटीएफ ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications