कानपुर: पुलिस पर हमला करके हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने वाले BJP नेता पर बड़ी कार्रवाई, पार्टी ने निकाला
कानपुर, जून 03: यूपी के कानपुर में पुलिस टीम पर हमला करके हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने वाले भाजपा नेता नारायण भदौरिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने भदौरिया को जिला मंत्री पट से हटाते हुए उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया है। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। बता दें, हिस्ट्रीशीटर को भगाने के आरोप में 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें 9 नामजद और 10 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। अभी तक पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
Recommended Video

बीजेपी नेता के जन्मदिन पर पार्टी में शामिल होने आया था हिस्ट्रीशीटर
नौबस्ता थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस बर्रा थाने के हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को पकड़ने गई थी। बताया जा रहा है कि मनोज, नारायण भदौरिया के जन्मदिन पर पार्टी में शामिल होने आया था। नारायण भाजपा के दक्षिण जिला मंत्री थे। आरोप है कि भाजपा नेता नारायण भदौरिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम पर हमला कर हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को भगा दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर रोड जाम कर जमकर हंगामा किया था। इसके साथ ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।
पेशेवर अपराधी है हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह
घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, बर्रा आठ निवासी हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ बर्रा सहित कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, चोरी, लूट, रंगदारी, धमकी, मारपीट समेत 27 आपराधिक मामले शामिल हैं। बुधवार को मनोज हमीरपुर रोड स्थित आकर्षण गेस्ट हाउस में भाजपा नेता नारायण भदौरिया की बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था। सूचना के आधार पर नौबस्ता थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गेस्ट हाउस पर पहुंचे थे और वहां उन्होंने मनोज सिंह को पकड़ लिया। पुलिस मनोज को जीप में बैठाकर ले जा रही थी, इसी दौरान नारायण भदौरिया ने अपने समर्थकों के साथ हमला कर जबरन मनोज को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर भगा दिया।












Click it and Unblock the Notifications