Kanpur Road Accident: पेड़ के नीचे आराम कर रहे 3 बुजुर्गों को कार ने रौंदा, तीनों की मौके पर मौत
कानपुर में तेज रफ़्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सोमवार को बिल्हौर में अनियंत्रित तेज रफ़्तार कार ने तीन बुजुर्गों को उड़ा दिया। तीनों बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठकर बातें कर रहे थे, तभी पीछे की तरफ से लगभग 100 की रफ्तार से कार आई और तीनों को रौंदते हुई खंती में पलट गई।
तेज रफ़्तार कार ने पेड़ के नीचे बैठे तीन बुजुर्गों को रौंदा
बता दें कि कानपुर के बिल्हौर अंतर्गत माखनपुरवा गांव के सामने यह दर्दनाक हादसा हुआ है। जानकारी अनुसार अपने खेत की रखवाली करने के लिए सड़क किनारे पेड़ के नीचे सुरेंद्र सिंह (62), अहिबरन (61) और टीकापुरवा निवासी घसीटे (64) पेड़ के नीचे बैठकर बात कर रहे थे। इस दौरान रसूलाबाद से बिल्हौर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को उड़ा दिया और कार सड़क किनारे खंती में पलट गई।

तीनों बुजुर्गों की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
वहीं गाड़ी पलटने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़कर आए तो देखा कि तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। जिसके बाद उनको तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और रोड जाम कर दी। मृतक के परिवार के लोगों का कहना था कि कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हंगामा-बवाल बढ़ता देख बिल्हौर सर्किल यानी तीन थानों का फोर्स, एसपी बिल्हौर मौके पर पहुंचे। फिलहाल, अभी तक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक माखनपुरवां गांव के रहने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications