Kannauj: झाड़ियों में बदहवास पड़ी कराहती रही मासूम बच्ची, लोग बनाते रहे VIDEO
उत्तर प्रदेश के कन्नौज (kannauj) जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, यहां एक 12 वर्षीय बच्ची खून से लथपथ बदहवास हालत में दर्द से कराती रही, लेकिन बच्ची को बचाने के बजाय लोग उसका वीडियो बनाते रहे। हालांकि, इस बीच यूपी पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडेय ने बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

इस दौरान चौकी प्रभारी मनोज कुमार पांडेय बच्ची को अपनी गोद में लेकर दौड़ते हुए भी नजर आए। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तो वहीं, इस घटना को 16 घंटे बीते चुके है, लेकिन मासूम बच्ची की स्थिति जस की तस बन हुई है। वह न तो कुछ बोल पा रही और न ही अपने परिवार वालों से कुछ कह पा रही हैं। परिजनों ने इतना जरूर कहा है कि गलत काम करने के लिए उनकी बच्ची को अगवा किया गया था।
12 वर्षीय बच्ची कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मासूम बच्ची मिट्टी की गुल्लक खरीदने के लिए दोपहर करीब 12 बजे घर से बाजार गई थी। इस बीच किसी ने बहला-फुसला कर उसको अगवा कर लिया। जब कई घंटे तक बच्ची अपने घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। शाम करीब 5:30 बजे खून से लथपथ बच्ची डाक बंगला गेस्ट हाउस के पीछे बदहवास हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने बच्ची को गुरसहायगंज के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां से उसे तिर्वा के राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। रात करीब 10 बजे बच्ची को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जहां रात भर उसका इलाज चलता रहा। वहीं, इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने बच्ची के घर से मार्केट और डाक बंगला गेस्ट हाउस तक के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इस दौरान एक सीसीटीवी में पीड़ित बच्ची किसी युवक के साथ बातचीत करते हुए जाती दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस उस युवक की पहचान करने में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि बच्ची से बातचीत करने वाला युवक पहली नजर में उसका परिचित लग रहा है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि उन्होंने रेप की घटना से इनकार नहीं किया। बता दें कि इस घटना से संबंधित एक 25 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें घायल बच्ची हाथ उठाकर मदद मांगती रही, लेकिन वहां खड़े लोग मोबाइल फोन पर उसकी वीडियो बनाने में व्यस्त थे।












Click it and Unblock the Notifications