कन्नौज: रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ लेखपाल, वीडियो वायरल होने पर सस्पेंड
कन्नौज, 19 अगस्त: यूपी के कन्नौज जिले में एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लेखपाल को एडीएम ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले में जांच के आदेश दिए हैं। लेखपाल पैतृक जमीन का बंटवारा कराने के लिए रिश्वत मांग रहा था। शख्स ने उसका वीडियो बना लिया और मामले की शिकायत कर दी, जिसके बाद लेखपाल पर गाज गिरी।

क्या है पूरा मामला ?
मामला गुरसहायगंज क्षेत्र का है। गौरियापुर निवासी मिथिलेश कुमार ने बताया कि पैतृक जमीन का बटवारा कराने के लिए लेखपाल सुरेश यादव ने 12 अगस्त को उससे 10 हजार रुपए की रिश्वत ली थी। उसने इसका वीडियो बना लिया था। लेखपाल ने 16 अगस्त को जमीन की पैमाइश कर निशानदेही की। जिस पर सभी पक्ष सहमत हो गए और 100 रुपए के स्टांप पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद लेखपाल ने दूसरे पक्ष अरविंद कुमार से एक लाख की रिश्वत मांगी और एक बीघा जमीन उसे अधिक देने का प्रलोभन दिया, जिससे दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
लाख रुपए सुविधा शुल्क की मांग रहा था लेखपाल
लेखपाल ने पीड़ित से एक बीघा जमीन कम मिलने की बात कही और एक लाख रुपए सुविधा शुल्क की मांग की। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत अधिकारियों से करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले का संज्ञान लेते हुए एडीएम गजेंद्र कुमार ने लेखपाल को निलंबित कर जांच के आदेश दिए। एडीएम ने बताया कि विडियो सामने आने के बाद लेखपाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर लेखपाल पर मामला दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications