बस में आग लगते ही जो जहां फंसे वो वहीं जल गए, कन्नौज हादसे में बचे लोगों ने यह बताया
कन्नौज। यूपी में कानपुर रेंज के आईजी मोहित अग्रवाल की बातों से ही पता चलता है कि कन्नौज में शुक्रवार रात को स्लीपर बस में आग लगने का हादसा कितना भयानक था। उन्होंने कहा कि बस में 45 यात्री सवार थे जिनमें से 25 को बचा लिया गया लेकिन 20 का कुछ पता नहीं है, शायद वो अब इस दुनिया में नहीं हैं। बस में हड्डियां मिली हैं, डीएनए टेस्ट से पता चलेगा कि कितने लोग बस में जिंदा जल गए।
Recommended Video

जो बच गए उनकी आंखों दिख रहा है खौफ
कन्नौज के गुरसहायगंज से जयपुर के लिए चली स्लीपर बस में लगी भयानक आग में जो बच गए उनकी आंखों में हादसे का खौफ साफ दिख रहा है। एक घायल का कहना है कि इससे पहले उन्होंने इतना बड़ा हादसा कभी नहीं देखा। बस जाकर ट्रक से टकराई और दोनों में आग लग गई। बस से यात्रियों को निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया।

कुछ ही पल में बस बनी आग का गोला
छिबरामऊ के पास जीटी रोड पर बस पर से ड्राइवर कंट्रोल खो बैठा और वह जाकर ट्रक से टकराई। ट्रक का डीजल इंजन फटा और देखते-देखते दोनों में भयानक आग लग गई। बस पूरी तरह से भरी हुई थी। धमाके के साथ आग लगी और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। एक घायल ने बताया कि हम लोगों ने शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई। कई लोग जो जहां थे, वहीं फंसे रह गए।

बस में से निकलती रही चीखें
आग लगते ही बस में से चीखें निकलने लगीं। लोग जान बचाने के लिए मदद मांगते रहे और देखते-देखते वे आग की चपेट में आ गए। बस धू-धूकर जल उठी और कई लोग जिंदा जल गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जलने के बाद हड्डियां मिली हैं जिनका डीएनए टेस्ट कराकर मृतकों की संख्या मालूम की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications