कन्नौज: झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, होमगार्ड जवान को पटक-पटक कर पीटा
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस टीम में शामिल होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक होमगार्ड को पटकते हुए फिर उसे गालियां देते हुए दिख रहा है। हालांकि बाद में पुलिस टीम ने हमलावर युवक पर किसी तरह काबू पाया और फिर उसे पकड़कर कोतवाली ले गई। वहीं, घायल होमगार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, मामला कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के मौसमपुर अल्हड़ गांव का है। बुधवार शाम करीब पांच बजे शहर के मौसमपुर अल्हड़ (नटियाना) में कोतवाली पुलिस को दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली। इससे दरोगा हरस्वरूप गंगवार मोबाइल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने जब बीच-बचाव का प्रयास किया तो एक पक्ष ने पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक युवक होमगार्ड बिजेंद्र सिंह भदौरिया को पटकते हुए दिख रहा है।
इस दौरान होमगार्ड जवान बिजेंद्र सिंह भदौरिया के सिर और पैर में चोट लग गई। किसी तरह से पुलिस टीम ने हमलावर युवक पर काबू पाया और उसको कोतवाली ले आई। जहां से घायल होमगार्ड जवान और घायल हमलावर युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पथराव में होमगार्ड के घायल होने की जानकारी मिली है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications