गर्लफ्रेंड से वादा कर दूसरी लड़की से शादी कर रहा था लड़का, जमकर हुआ बवाल
Kannauj news, कन्नौज। यूपी के कन्नौज में एक शादी समारोह में उस वक्त बवाल मच गया जब दूल्हे की गर्लफ्रेंड की शिकायत पर पुलिस विवाह स्थल पहुंच गई। दूल्हे की असलियत पता चलते ही लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष को बंधक बना लिया। वहीं, दूसरी ओर हंगामे से परेशान होकर दुल्हन ने जहर खा लिया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गर्लफ्रेंड ने पुलिस से की शिकायत
दरअसल, पूरा मामला कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र का है। औरैया के माखनपुर निवासी विपिन अपनी बारात लेकर धीरपुर गांव आए थे। इसी बीच विपिन की गर्लफ्रेंड को जब उसकी शादी की जानकारी हुई तो उसने पुलिस से इसकी शिकायत की। इसकी जानकारी दुल्हन पक्ष को हुई तो हंगामा खड़ा हो गया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष को बंधक बना लिया।

जमकर हुआ हंगामा
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब थाने में मामला निपटाने की बात कही और सभी को थाने ले जाने लगी तो लड़की पक्ष भड़क गया और पुलिस की गाड़ी के आगे लेटकर हंगामा कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई से क्षुब्ध होकर लड़की ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर दुल्हन को आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लड़के के बच्चे की मां बनने वाली हैं गर्लफ्रेंड
जानकारी के मुताबिक, दूल्हा विपिन नोएडा में नौकरी करता है। यहां उसका एक लड़की से अफेयर था। बताया जा रहा है कि लड़की, विपिन के बच्चे की मां बनने वाली है। विपिन उसको शादी का झांसा देकर अपने घर आ गया, जहां उसके मां-बाप ने कन्नौज में शादी तय कर रखी थी।












Click it and Unblock the Notifications