Rajasthan: फिर बोले अशोक गहलोत-'मैं सीएम पद छोड़ना चाहता हूं...लेकिन'
Ashok Gehlot CM Rajasthan: पॉलिटेक्निक कॉलेज जोधपुर में बने मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर बयान दिया है।
सीएम अशोक गहलोत ने एक पुराना किस्से बयां करते हुए कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान उनसे एक महिला मिली थी, जिसका बिना एक भी रुपए के खर्चे पर हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। इसकी वजह से वह महिला सीएम को आशीर्वाद देने लगी। तब गहलोत ने मजाक में कहा था कि मैं अब सीएम पद को छोड़ना चाहता हूं, लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा।

सीएम पद छोड़ने वाला बयान अशोक गहलोत पूर्व में भी दे चुके हैं। दो माह पूर्व नए जिलों की स्थापना पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि मैं जब वह कुछ कहता हूं तो सोच-समझकर कहता हूं। मन में आता है मुझे सीएम पद छोड़ देना चाहिए। मुझे क्यों छोड़ना चाहिए यह एक रहस्य है, लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा।
सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति करती है। हिटलर भी ऐसे ही धर्म के नाम पर संबोधित करता था। क्या हुआ उसका? सबको पता है। वाजपेयी जी के समय भाजपा 'शाइनिंग इंडिया' की ब्रांडिंग कर रही थी। सोनिया गांधी कैम्पेन करने निकलीं तो देश की जनता ने कांग्रेस की सरकार बना दी। जनता माई-बाप होती है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि कोई भाजपा के अलावा किसी पार्टी को पैसा देता है तो ईडी, इनकम टैक्स का डर रहता है। उल्लेखनीय है कि अशोक गहलोत 50 साल से राजनीति में हैं। अभी जोधपुर के सरदारपुरा सीट से विधायक हैं। राजस्थान के तीसरी बार मुख्यमंत्री हैं। पूर्व में सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications