Bhanwari Devi : पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को 10 साल बाद जमानत, भंवरी देवी का पति भी आया जेल से बाहर
जोधपुर, 24 अगस्त। राजस्थान की सियासत में भूचाल ला देने वाले भंवरी देवी प्रकरण में बड़ी खबर सामने आया है। अब जेल में बंद 16 आरोपी जेल से बाहर आ चुके हैं। सिर्फ इंद्रा विश्नोई ही सलाखों के पीछे है।

जेल से बाहर आए मदेरणा
मंगलवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा व भंवरी देवी के पति अमरचंद समेत छह आरोपियों को जनामत दी है। दिग्गज कांग्रेस नेता महिपाल मदेरणा को स्वास्थ्य कारणों से पूर्व में अंतरिम जमानत दी गई थी। पिछले दिनों मलखान विश्नोई को भी जमानत मिली थी।

इन आरोपियों को मिली जमानत
बता दें कि भंवरी देवी अपहरण व हत्या प्रकरण में मंगलवार को छह आरोपियों की जमानत पर फैसला न्यायाधीश दिनेश मेहता ने सुनाया है। जमानत पाने वालों में मदेरणा, अमरचंद के अलावा कैलास जाखड़, शहाबुद्दीन, कुंभाराम व विशनाराम शामिल है। आरोपी दस साल से जेल में थे।

किस पर क्या आरोप लगे?
बता दें कि राजस्थान के जोधपुर के भंवरी देवी प्रकरण के मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को बनाया गया था। कैलाश जाखड़, कुंभाराम व शहाबुद्दीन पर भंवरीदेवी का अपहरण कर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगा था। इनके अलावा भंवरी देवी के पति अमरचंद को अपहरण व हत्या के षड़यंत्र में शामिल होने का आरोपी बनाया गया था जबकि गैंगस्टर विशनाराम पर भंवरी देवी के शव को जलाने व राख का नहर में बहा देने का आरोप है।

कौन थी एएनएम भंवरी देवी?
बता दें कि भंवरी देवी मूलरूप से राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा पुलिस थाना इलाके की रहने वाली थी। वह अस्पताल में एएनएम थी और लोक कलाकार के तौर पर भी काम किया। वह बहुत महत्वकांक्षी महिला थी। राजनीति में पैर जमाने की जुगत में थी।

क्या है भंवरी देवी केस?
भंवरी देवी के पति अमरचंद ने एक सितम्बर 2011 में बिलाड़ा पुलिस थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी पत्नी लापता है। कांग्रेस की तत्कालीन गहलोत सरकार में मंत्री महिपाल मदेरणा समेत कई लोगों पर भंवरी देवी के अपहरण का शक जताया गया। जांच आगे बढ़ी तो मदेरणा व पूर्व विधायक मलखान विश्नोई समेत 17 लोगों की गिरफ्तारियां हुई। मामला सीबीआई तक पहुंचा।

भंवरी देवी ने किया सीडी का दावा
भंवरी देवी केस की जांच में सामने आया था कि भंवरी देवी अपने पास एक सीडी होने का दावा करती थी। उस सीडी में प्रदेश के एक मंत्री की डर्टी पिक्चर कैद थी। भंवरी देवी ने कहा कि सीडी सार्वजनिक हो गई तो तीन दिन में राज्य सरकार गिर जाएगी। सीडी सार्वजनिक होती उससे पहले ही खुद भंवरी देवी गायब हो गई।












Click it and Unblock the Notifications