हरियाणा के जींद में किसानों ने ट्रैक्टर से निकाली तिरंगा यात्रा, महिलाओं ने किया नेतृत्व
जींद, 15 अगस्त: केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के जींद में तिरंगा यात्रा निकाली। किसानों ने ट्रैक्टर पर सवार होकर तिरंगा यात्रा निकाली। ट्रैक्टर पर तिरंगा के साथ भाकियू के झंडे भी लगाए गए। सबसे आगे देशभक्ति के गीतों वाली गाड़ी चली। परेड का नेतृत्व महिला किसानों ने किया।

केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किए गए कृषि बिलों के विरोध में किसान पिछले करीब 9 महीने से आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान सरकार और किसान संगठनों और किसान नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसका कोई नतीजा नहीं निकल सका। किसानों ने स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर दिल्ली में झंडा फहराने की बात कही थी, लेकिन बाद में किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा था कि हम आजादी का जश्न मनाएंगे, मिठाईयां बांटेंगे और झंडा फहराएंगे लेकिन कोई भी दिल्ली की ओर कूच नहीं करेगा।
राकेश टिकैत ने किसानों से अपील करते हुए कहा था कि इस स्वतंत्रता दिवस पर किसान अपने घरों की छतों, गाड़ियों और प्रदर्शन स्थल पर बनाई गई अस्थाई झोपड़ियों पर झंड़ा फहराएं। टिकैत ने यह भी कहा कि वह 15 अगस्त को दिल्ली से दूर किसी ऐसे गांव में जाकर झंडा फहराने वाले कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे, जहां शायद ही कभी सरकार का कोई प्रतिनिधि पहुंचा होगा।
हरियाणा में किसानों ने निकाली तिरंगा यात्रा
इधर, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा में किसानों ने ट्रैक्टर से तिरंगा यात्रा निकाली। सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर पर सवार होकर एक कतार में निकले। जींद के उचाना कलां में किसानों ने महिला किसानों के नेतृत्व में परेड निकाली। किसानों ने ट्रैकटर पर तिरंगे के साथ भाकियू का भी झंडा लगाया।












Click it and Unblock the Notifications