हरियाणा: 6 गांवों की आबादी को अपने घरों में ही रहना होगा, यहां 5KM के अंदर किसी के आने पर पाबंदी
हरियाणा: 6 गांवों की 30 हजार आबादी को अपने घरों में ही रहना होगा, यहां 5KM के अंदर किसी के आने पर पाबंदी
जींद। हरियाणा के जिले जींद के निडानी गांव में कोरोना पाॅजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन द्वारा कई गांवों को सील करा दिया गया है। महज एक गांव में संक्रमित के मिलने के बाद का असर आसपास के 5 गांवों की 30 हजार आबादी पर भी साफ देखा जा सकता है। प्रशासन ने निडानी समेत उसके आसपास के गांवों की आबादी को अपने घरों में ही रहने का आदेश दिया है। इसके लिए, इस पूरे इलाके को कंटेनमेंट (बफर जोन) घोषित कर दिया गया है। छह गांवों में निडानी के अलावा सिंधवीखेड़ा, रधाना, पड़ाना, शामलो कलां और निडाना शामिल हैं।

मरीज के 17 परिजनों समेत 19 लोगों का टेस्ट हुआ
स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई कि, निडानी के एक युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद मंगलवार को युवक के सभी 17 परिजनों के अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाकर कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया। अब 19 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। इसके अलावा यहां से कोरोना का संक्रमण कहीं और न फैले, इसलिए प्रशासन द्वारा देहात के 5 किलोमीटर के अंदर किसी के आने पर पाबंदी लगाई गई है, ऐसे में जिले के अन्य लोगों को भी अब अलर्ट रहना होगा।
नए मरीजों में सर्वाधिक तबलीगी जमात से
पूरे हरियाणा में जहां भी नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं, उनमें ज्यादातर लोग तबलीगी जमात से संबंधित हैं। ये लोग लोग हरियाणा के विभिन्न जिलों में कोरोना वायरस के नए मरीजों के रूप में सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 92 जमाती संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसके अलावा इनके संपर्क में आए सैकड़ों लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications