हरियाणा: आंदोलनकारियों के धरना-स्थल पर आग में जले व्यक्ति ने दम तोड़ा, हत्या का मामला दर्ज
जींद। किसान आंदोलन से जुड़े धरना-स्थल पर एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि, धरना-स्थल पर उसे आग के हवाले किए जाने शिकायत मिली। मृतक 42 साल का (मुकेश कुमार) था, जो कि जींद के कसार गांव का निवासी था। इस मामले में मृतक के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसके भाई ने कहा है कि, आग में जलाने वाले जींद के रहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारी जयभगवान ने बताया कि, जान गंवाने वाले शख्स के भाई के बयान के आधार पर, पहले आईपीसी की धारा-307 (हत्या का प्रयास) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी और बाद में इसे धारा-302 (हत्या) वाले मामले में बदला गया। बयान में मृतक के भाई ने लिखवाया कि, उसका भाई किसान संगठनों के धरने पर गया था, जहां उसे आग के हवाले कर दिया गया। उसने कुछ लोगों का नाम भी लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि, शव का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। उन्होंने कहा कि, तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। बहरहाल, हमें बताया गया है कि, जिस शख्स को जलाया गया, वो आंदोलन में जाने से इनकार कर रहा था। वहां कुछ लोगों ने उसे प्रताड़ित किया और जला दिया। उसके भाई का कहना है कि, आरोपी जींद के ही रहने वाले हैं।













Click it and Unblock the Notifications