झारखंडः सरायकेला में लड़की ने लगाया 60 लोगों पर गैंगरेप का आरोप, कहा- महीने तक कमरे में बंद कर रखा
सरायकेला। झारखंड के सरायकेला जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 साल की लड़की ने आरोप लगाया है कि 60 लोगों ने एक महीने तक उसे बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। युवती ने आरोप लगाया कि उसे नशीली सुई देकर दुष्कर्म किया जाता था। दावा किया जा रहा है कि युवती की मानसिक हालत ठीक नहीं है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती से पूछताछ की है।

उसकी खराब मानसिक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवती जमशेदपुर की रहने वाली है। पुलिस इस घटना के बार में ज्यादा जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पीड़िता की तरफ से दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर पूछताछ करने में जुटी है। हालांकि पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
लेकिन लड़की के शरीर पर सुई देने के निशान और आंखों पर चोट के सबूत मिले हैं। इसके अलावा पैरों पर भी सुई के निशान देखे गए हैं। पुलिस इनकी गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं इस मामले में एसडीपीओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि युवती मानसिक संतुलन खो चुकी है। डॉक्टर की जांच के बाद युवती से फिर पूछताछ होगी और मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications