झारखंडः रामगढ़ में अनियंत्रित ट्रेलर ने पांच वाहनों में मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं महिला और बच्ची सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भीषण हादसे के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि चौक के पास ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित वाहन ने 3 कार और 2 बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, कार चालक समेत एक और व्यक्ति की मौत हुई है।

दुर्घटना में एक कार ट्रेलर के नीचे आ गई। इसे क्रेन की मदद से निकाला गया। अब तक 2 मृतकों की पहचान हो गई है। इसमें एक व्यक्ति रांची के ओरमांझी का रहने वाला विनोद करमाली है। वहीं, कार चालक की पहचान घुटुवा के विजय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मरने वाले लोगों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक की हालत गंभीर है। दुर्घटना के कारण सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस की टीम यातायात को सामान्य बनाने में जुट गई है। वाहनों को सड़क से हटाने का काम चल रहा है। घटना के बाद आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। लोगों का कहना है कि हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। अगर अनियंत्रित ट्रेलर पेट्रोल पंप के अंदर प्रवेश कर जाता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications