पलामूः BJP नेता की बेटी की हत्या का खुलासा, शादीशुदा प्रेमी से शादी के लिए बनाया दबाव तो मार डाला
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में भाजपा नेता की बेटी के हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी प्रेमी से शादी करने की जिद्द कर रही थी। जबकि वह पहले से शादीशुदा था तो उसने दोस्त के साथ मिलकर लड़की की हत्या कर दी। बता दें कि परिजनों ने रेप की आशंका जताते हुए हत्या की बात कही थी। बीते बुधवार को पांकी थाना क्षेत्र के बांदुबार गांव के लालिमाटी जंगल में पेड़ से लटका हुआ शव बरामद हुआ था।

लड़की के पिता श्याम नारायण प्रजापति ब्लॉक लेवल पर भाजपा के नेता हैं। उन्होंने इस मामले में पांकी पुलिस स्टेशन में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले के लेकर जिले के एसपी संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपित प्रदीप सिंह पहले से शादीशुदा है। उसका मृतका के साथ प्रेम-प्रसंग भी था।
जब किशोरी प्रदीप के साथ शादी की जिद्द करने लगी तो उसने अपने दोस्त सूरज सोनी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। फिर अपराध को छिपाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने बताया कि लड़की सोमवार से गायब थी और उसी दिन उसकी हत्या की गई थी। बुधवार को उसका शव मिला। इसके अलावा पुलिस ने लड़की की आंख फोड़े जाने से इनकार किया है। एसपी ने कहा कि 'उसकी दाईं आंख में चोट के निशान मिले हैं जो शायद मरने से पहले हुई हाथापाई के कारण लगे हैं। उसकी आंख सूजी हुई थी और उसमें कीड़े लगे थे।'












Click it and Unblock the Notifications