पलामूः मछली पकड़ने को लेकर हुआ झगड़ा तो पीट-पीटकर मार दिया, आरोपित गिरफ्तार
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के पाटन प्रखंड के नावाजयपुर थाना क्षेत्र के अलगडिहा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मछली पकड़ने के विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्यारोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलगडीहा गांव के पेंटर सिंह और रामधेनु सिंह के बीच मछली मारने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गयी। आरोप है कि पेंटर सिंह, रामधेनु सिंह को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया और उसके बाद वहां से भाग गया। घटना के कुछ देर बाद रामधेनु सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के आरोपी पेंटर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए मेदिनीनगर के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस निरीक्षक आनंद मिश्रा ने बताया कि सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि दोनों के बीच पूर्व में कोई विवाद था या तत्कालिक परिस्थिति के कारण उत्पन्न विवाद में ही हत्या की गयी है।












Click it and Unblock the Notifications