झारखंडः लाातेहार में डायन बताकर तलवार से काट दिया कान, दर्द से रातभर तड़पती रही महिला
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के मनिका प्रखंड के मटलोंग गांव के केवालटांड़ टोला में अंधविश्वास का दर्दनाक मामला प्रकाश में आया है, जहां एक महिला को डायन बताकर हमलावरों ने उसपर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान महिला का कान कट गया। घायल महिला का इलाज मनिका सीएचसी में चल रहा है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि गांव के निवासी अवधेश पासवान और लातेहार केडू का रहने वाला राहुल पासवान, दोनों ने घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया।

इसके बाद रात के वक्त एंबुलेंस ना मिलने पर दर्द के चलते महिला छटपटाती रही। सुबह होने पर बाइक से सीएचसी लाया गया। घायल महिला ने बताया कि रात के वक्त 10 बजे वह घर में सोई थी। तभी अवधेश और राहुल ने घुसकर हमला कर दिया। इससे उसका कान कट गया। उसकी चीख सुनकर घर में मौजूद पति और अन्य लोग उसके पास पहुंचे तब तक दोनों हमलावर फरार हो चुके थे। महिला ने थाने में दोनों के विरुद्ध शिकायत की है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है।
हाथी ने रौंद डाला
वहीं जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मालडीहा गांव के बाजेपाड़ा टोला में झुंड से बिछड़े जंगली हाथी ने रविवार की सुबह शौच के लिए निकले दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया और दोनों को मार डाला। मृतक दंपति की पहचान 51 वर्षीय जियालाल पावरिया व उनकी पत्नी सोनामुनी टुडू (48 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना देने के दो घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने वन रेंजर को दो घंटे तक बंधक बनाए रखा।












Click it and Unblock the Notifications