लातेहारः खेत में काम करने जा रहे पति-पत्नी और बेटे की करंट लगने से मौत
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के मनिका ब्लॉक के मटलोंग पंचायत के निरेद टोला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में माता-पिता और पुत्र शामिल है। दरअसल, तीनों खेत में काम करने जा रहे थे और इसी दौरान जमीन पर गिरे हाइटेंशन तार के चपेट में आ गए। इसके बाद तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय पिता गंगेश्वर सिंह, 58 वर्षीय मां धनोया देवी और 22 वर्षीय बेटा बबलू सिंह के रूप में हुई है। तीनों सदस्य खेत में धान रोपने के लिए सिंचाई के लिए गए हुए थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। सबसे पहले गंगेश्वर सिंह को करंट का झटका लगा। उसे बचाने पहुंचे बबलू को भी करंट का जोरदार झटका लगा। इसी बीच धनोया पति और बेटे को बचाने गई और वो भी करंट की चपेट में आ गई।
5 भाई-बहनों में बबलू सबसे छोटा था। उसकी शादी दो साल पहले ही हुई थी। बबलू का एक 1 साल का बेटा भी है। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद बीडीओ वीरेंद्र किड़ो और मनिका थानेदार शुभम कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। प्रखंड प्रशासन की ओर से दाह संस्कार के लिए पीड़ित परिजनों को 10 हजार रुपए नगद औ दो क्विंटल चावल दिया गया। वहीं, कांग्रेस नेता कामेश्वर प्रसाद यादव ने पीड़ित परिजनों को 5 हजार रुपए की सहायता प्रदान की। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति काफी रोष व्याप्त है।












Click it and Unblock the Notifications