लातेहारः 22 हाथियों के झुंड ने दो युवकों को पटक-पटक कर मार डाला, लोगों ने किया हंगामा
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के मारंग लोया पंचायत के हेबना गांव और मारंग लोया गांव में रविवार की देर रात को 22 हाथियों के झुंड ने दो युवकों को पटक कर मार डाला। हाथियों ने केवल 15 मिनट के अंतराल पर दोनों ही युवकों की जान ले ली। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा व हाथियों के भगाने की मांग पर बालूमाथ खलारी पथ को मारंग लोया पुलिस पिकेट के पास 12 घंटे तक जाम रखा।

मृतकों की पहचान हेबना गांव के रहने वाले 30 वर्षीय वीरेंद्र गंझु और 45 वर्षीय लखन उरांव के रूप में हुई है। हाथियों ने सबसे पहले वीरेंद्र को निशाना बनाया। वीरेंद्र अपने मवेशियों को चारा देकर वापस घर आ रहा था। इसी बीच हाथियों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और पटक कर मार डाला।
वहीं, 15 मिनट बाद लखन उरांव दवा खरीद कर अपने घर जा रहा था कि जंगली हाथियों के झुंड ने उसे भी घेर कर घायल कर दिया। परिजनों द्वारा उसे घायलावस्था में मुरपा के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने 25 लाख रुपए, मृतक के आश्रितों को एक सरकारी नौकरी और हाथियों को भगाने की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस व वन विभाग के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। ग्रामीणों से बातचीत के बाद 4 लाख मुआवजा देने की घोषणा की। इसमें से 40 हजार रुपए तत्काल देने और बाकी रुपए तीन दिनों के अंदर देने के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया। 12 घंटे रोड जाम से सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
धनबाद में युवक ने की खुदकुशी
वहीं धनबाद जिले में युवक ने खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि मुनीडीह पुलिस और पंचायत के दबाव में लड़की से जबरन विवाह कराने से आहत विकास मल्लिक नाम के युवक ने भटिंडा के जंगल में फांसी लगाकर जान दे दी। विवाह कराने के चंद घंटे बाद ही युवक की लाश मुनीडीह वाटर पंप के हीरक रोड में जंगल में एक पेड़ से लटकती हुई मिली।
शव के पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। जिसमें युवक ने युवती द्वारा उसपर यौन शोषण का झूठा आरोप लगाने और फिर उसके साथ जबरन विवाह कराने को आत्महत्या की वजह बताई। युवक का शव और सुसाइड नोट मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।












Click it and Unblock the Notifications