लातेहारः कमरे में मिली पत्नी की लाश और पति का शव जंगल से हुआ बरामद
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के लात पंचायत के लात गांव में बीते सोमवार को अलग-अलग जगहों पर पति और पत्नी की लाश फंदे से झूलती हुई मिली। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या या खुदकुशी का है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों ने पिछले ही साल लव मैरिज की थी और रविवार को रक्षाबंधन के मौके पर युवक अपनी पत्नी को लेकर मायके पहुंचा हुआ था।

मृतक दंपति की पहचान 34 वर्षीय अनुज उरांव और 28 वर्षीय रविका कुमारी के रूप में हुई है। अनुज अपनी पत्नी रविका को लेकर उसके मायके लात गांव पहुंचा हुआ था। रविवार की दोपहर को लोगों ने देखा कि अनुज घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर रहा है। देर शाम को जब वह वापस नहीं लौटा तो घर का दरवाजा खोला गया। इस दौरान पत्नी रविका का शव फंदे से लटकता हुआ मिला।
इसके बाद अनुज की खोजबीन शुरू की गई तो उसकी लाश जंगल में एक पेड़ पर फंदे से लटकी हुई थी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी छिपादोहर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद छिपादोहर थाना प्रभारी विश्वजीत तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी विश्वजीत तिवारी ने बताया कि पूरे मामले में परिवार के लोगों द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियम संगत कार्रवाई की जा रही है।
प्लास्टर कर रहे मिस्त्री की मौत
वहीं जमशेदपुर जिले के आजादनगर रोड नंबर 12 स्थित एक भवन निर्माण में प्लास्टर का काम कर रहा राज मिस्त्री सोमवार को करंट की चपेट में आ गया। प्लास्टर करने के दौरान वह घर में किए गए वायरिंग तार से सट गया। साथी मजदूरों ने उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक लाल मोहन सोरेन (50) ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 12 का रहने वाला था। वह ठेकेदार इम्तियाज के अंडर में काम करता था। घटना की सूचना पाकर राजमिस्त्री के परिजन भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications