झारखंडः कोडरमा में पावर प्लांट की लिफ्ट टूटने से कंपनी के एमडी सहित चार लोगों की मौत
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के थर्मल पावर सब स्टेशन प्लांट में गुरुवार को 80 मीटर की ऊंचाई से लिफ्ट टूट कर गिर गई। इससे लिफ्ट में सवार निजी कंपनी के एमडी और तीन इंजीनियर की मौत हो गई। लिफ्ट टूटने से थर्मल प्लांट की चिमनी बनाने में लगे 100 से ज्यादा मजदूर ऊपर फंस गए। हालांकि बाद में उन्हें रेस्क्यू किया गया है। जयनगर के बांझेडीह इलाके में डीवीसी का थर्मल पावर सब स्टेशन है। यहां श्री विजया कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी 150 मीटर ऊंची चिमनी का निर्माण करवा रही है।

लगभग 80 मीटर तक हो चुके निर्माण का जायजा लेने के लिए कंपनी के MD और तीन इंजीनियर लिफ्ट के सहारे ऊपर गए थे। निरीक्षण के बाद लौटते समय अचानक लिफ्ट का तार टूट गया और सभी लोग नीचे जा गिरे। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, पर सभी की रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद KTPS के चीफ इंजीनियर उदय कुमार की अध्यक्षता में हाईलेवल कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
मृतकों की पहचान नागपुर के रहने वाले श्री विजया कंस्ट्रक्शन के एमडी कृष्णा प्रसाद कोदाली, गया के कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर 30 वर्षीय नवीन कुमार, कर्नाटक के रहने वाले इंजीनियर 30 वर्षीय कार्तिक सागर और 50 वर्षीय डॉ. विनोद चौधरी के रूप में हुई है। सभी अभी तिलैया शहर में किराए के मकान में रहते थे।
घटना के वक्त चिमनी के काम में लगभग सौ मजदूर लगे थे। ये काफी ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट के तार टूटने और हादसा होने के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इससे ऊपर काम कर रहे मजदूर वहां फंस गए। फंसे मजदूरों को CISF के जवानों ने एक-एक कर उन्हें नीचे उतारा।












Click it and Unblock the Notifications