'ये आपकी रोटी और बेटी छीन रहे हैं, आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं', हेमंत सरकार पर जमकर बरसे PM मोदी
Jharkhand Vidhan Sabha Chuav 2024: झारखंड विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार 04 नवंबर को गढ़वा में चुनावी रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है, हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है।''
पीएम मोदी ने जेएमएम और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''ये आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और ये आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं। अगर जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी की यही कुनीति जारी रही, तो झारखंड में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा। ये आदिवासी समाज और देश की सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा है, इसलिए इस घुसपैठिया गठबंधन को अपने एक वोट से उखाड़ फेकना है।''

पीएम मोदी ने कहा, ''इंडी अलायंस की सरकार को उखाड़कर कमल खिलाने को आतुर है झारखंड की जनता! इस चुनाव में भाजपा की जीत तय है।'' पीएम मोदी ने कहा कि ''मैं आज आप सबका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है, 'रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार'।''
पीएम मोदी बोले- 'झारखंड में चुनाव ऐसे समय हो रहा, जब पूरा देश 'विकसित भारत' का संकल्प ले रहा है'
पीएम मोदी ने कहा, ''इस समय छठ का उत्साह भी चारो तरफ दिख रहा है। मैं छठी मैया की उपासना करने वालों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब पूरा देश 'विकसित भारत' के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा।''
पीएम मोदी ने कहा, ''माताओं, बहनों, बेटियों के कल्याण के लिए झारखंड भाजपा के संकल्प पत्र में अनेक संकल्प लिए गए हैं। 'गोगो दीदी योजना' के तहत हर महीने माताओं-बहनों को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। गरीब परिवार की माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत पहले गैस कनेक्शन दिए गए, अब झारखंड में बनने जा रही भाजपा सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर देगी इसके साथ अगले साल दीपावली और रक्षाबंधन पर दो मुफ्त सिलेंडर भी देगी।''
'चम्पाई सोरेन के साथ JMM ने क्या किया'
पीएम मोदी ने कहा, ''चम्पाई सोरेन जी के साथ JMM के लोगों ने क्या किया... इन लोगों ने एक आदिवासी बेटे को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिनके लिए अपने परिवार से बड़ा कुछ नहीं है, वो आप लोगों की परवाह क्या ही करेंगे। ऐसे स्वार्थी दलों को अच्छे से सबक सिखाना है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वह है- परिवारवाद। JMM-कांग्रेस-RJD, ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे।''












Click it and Unblock the Notifications