झारखंड: हेमंत सोरेन की विधायकों के साथ अहम बैठक, कांग्रेस नेता ने कहा-बहुमत में सरकार
नई दिल्ली, 20 अगस्त: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची में अपने आवास पर सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद, कांग्रेस नेता और झारखंड के मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आर) की गठबंधन सरकार बहुमत में है और उसी तरह काम करना जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि बैठक में चेंज ऑफ गार्ड के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई, राज्य के विकास पर बातचीत हुई।उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार बहुमत में है और इसी तरह चलती रहेगी। बैठक राज्य के विकास को लेकर थी। नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई है। यह बैठक ऐसे समय हुई जब उच्चतम न्यायालय ने झारखंड उच्च न्यायालय को सोरेन के खिलाफ जांच की मांग करने वाली जनहित याचिकाओं पर आगे बढ़ने से रोक दिया। सोरेन पर राज्य के खनन मंत्री के रूप में खुद को खनन पट्टा देने का आरोप लगा है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने इस साल फरवरी में कहा था कि सोरेन ने अपने पद का दुरुपयोग किया और खुद के नाम पर खनन पट्टे लिए। यह एक ऐसा मुद्दा है जिसमें हितों के टकराव और भ्रष्टाचार दोनों शामिल हैं। उन्होंने सोरेन पर जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधानों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया।
भाजपा की शिकायत पर निर्वाचन आयोग की ओर से मई में मुख्यमंत्री को जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 9-ए के तहत नोटिस जारी कर पक्ष मांगा था। भाजपा ने कहा था कि मुख्यमंत्री रहते सरकारी खनन का ठेका लेने पर वह अयोग्य हो गए हैं। इससे पूर्व भाजपा ने राज्यपाल रमेश बैस को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के पद पर रहते हुए हेमंत सोरेन ने अपने नाम से रांची के अनगड़ा अंचल में पत्थर खनन लीज लिया।
हेमंत सोरेन के खनन लीज से जुड़े मामले की सुनवाई भारत निर्वाचन आयोग में पूरी हो गई है। आयोग ने इस पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर दोनों पक्षों ने लिखित दलीलें गुरुवार को पेश कर दीं। इस मामले में फैसला बाद में आएगा।












Click it and Unblock the Notifications