झारखंडः जंगल में दातुन तोड़ने गए थे दोनों फिर अचानक से गायब हो गई पत्नी, पति ने बताई खौफनाक बात
गुमला। झारखंड के गुमला जिले के सदर थानाक्षेत्र के केरकी गांव में बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। 65 वर्षीय बुजुर्ग रोधा दास ने टांगी से मारकर अपनी 60 वर्षीय पत्नी सुधरिन देवी की निर्ममता से हत्या कर दी। मृतक पत्नी सुधरिन की लाश गांव के ही केरकी जंगल से बरामद की गई है। वहीं शव मिलने की सूचना पर पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बेटी ने बताई पूरी कहानी
वहीं मृतका की बेटी चिंता देवी ने पिता के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका की बेटी ने बताया कि उसका ससुराल रायडीह में है। लेकिन लॉकडाउन के चलते वह पिछले दो हफ्ते से माता-पिता के यहां ही है। इस दौरान बीते 15 मई की दोपहर को करीब 12 बजे पिता रोधा दास मां को साथ लेकर दातुन तोड़ने के लिए केरकी जंगल गए थे।

बेटी के बार-बार पूछने पर भी नहीं बताई बात
लेकिन जंगल से दातुन तोड़ने के बाद सिर्फ पिता घर लौटे। मां रातभर नहीं लौटी। इसके बाद जब उसने पिता से मां के न आने पर सवाल पूछा तो वे कुछ भी बोलने से कतराते रहे। जब उसने काफी जिद की तो हत्यारोपित पिता ने कहा कि मां कहीं चली गई है। चार दिन बीत जाने के बाद भी जब मां घर नहीं लौटी, तो वह खुद केरकी जंगल ढूंढने निकली। इस दौरान जंगल में उसे मां का शव मिला।

साथ जंगल में दातुन तोड़ने गए थे
इसके बाद बेटी ने पिता को मां के शव मिलने की जानकारी दी फिर भी पिता ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। हालांकि पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो हत्यारोपित पति ने बताया कि वह पत्नी को लेकर दातुन तोड़ने जंगल गया था। लेकिन पत्नी बिना कुछ बताए जंगल में थोड़ी देर के लिए कहीं चली गई। इस दौरान उसने उसको काफी आवाज लगाई लेकिन कुछ पता नहीं चला।

गुस्से में आकर काट डाला
इससे वह गुस्से में था। तभी पत्नी को अपनी ओर आता देख वह पास रखे टांगी से उसपर वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बतौर पति उसका हत्या करने का कोई इरादा नहीं था, बल्कि गलती से टांगी से गंभीर चोट लग गई, जिससे पत्नी की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications