झारखंडः अवैध संबंध के चलते 4 लोगों की पीट-पीटकर हत्या, दंपति भी शामिल
गुमला। झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के डेरंगडीह गांव में मंगलवार को चार लोगों की पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक दंपति भी शामिल है। जबकि दो अन्य मृतक बाहर के रहने वाले हैं। चार लोगों की हत्या अवैध संबंध में होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

जिन दो लड़कों की हत्या की गई है उनमें से एक लड़के का महिला से अवैध संबंध था। इसी अवैध संबंध को लेकर महिला ने दोनों लड़कों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवा दी। उसके बाद जब गांव वालों को जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों हत्यारोपित लड़कों को पीट-पीटकर मार डाला। फिर महिला को भा मार दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान डेंगरडीह गांव के रहने वाले मरियानूस कुजूर और उसकी पत्नी नीलम कुजूर के रूप में हुई है। जबकि दो मृतक लड़कों की पहचान नहीं हो पाई है। नीलम का दोनों युवकों में से एक युवक के साथ अवैध संबंध था। दोनों लड़के अक्सर महिला के घर आते रहते थे। इस बारे में गांव वालों को भी जानकारी थी।
सोमवार की शाम को दोनों युवक बाइक से महिला के घर पहुंचे थे। महिला ने साजिश के तहत अपने तीनों बच्चों को गांव के ही किसी रिश्तेदार के घर भेज दिया था। सोमवार देर रात महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया।
जब लोगों को इसकी भनक लगी तो गांव वाले लाठी-डंडे लेकर महिला के घर पहुंच गए। इसके बाद गांव वालों ने देखा कि आंगन में पति का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद गांव वालों ने दोनों लड़कों और पत्नी को पकड़ लिया फिर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उनको मार डाला।












Click it and Unblock the Notifications