गिरिडीहः बालू निकालने के लिए डैम में उतरी तीन लड़कियों की डूबने से हो गई मौत
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के गादकिला गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में तीन युवतियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में बुआ-भतीजी और एक पड़ोस की युवती शामिल है। मृतक लड़कियों की पहचान त्रिभुवन यादव की 16 वर्षीय बेटी काजल कुमारी, इनके भतीजे किशोर यादव की 15 वर्षीय बेटी रेणु कुमारी और लक्ष्मण स्वर्णकार की 17 वर्षीय बेटी मुनिता कुमारी के रूप में हुई है।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि बालू निकालने के लिए तीनों बच्ची एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर डैम में उतरी थी। गहराई का पता नहीं होने के चलते रेणु गहरे पानी में डूबने लगी। आपस में अपना हाथ पकड़े होने के चलते तीनों एक-एक कर गहराई में समाती गईं। साथ मे बालू लाने गई अन्य सहेलियों ने इन्हें डूबते देखा हल्ला किया। इसके बाद ग्रामीण यहां जुटे लेकिन इन्हें बचा नहीं सके।
घटना के एक घंटे के बाद तीनों यवतियों का शव डैम से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। परिजनों ने बताया कि करमा पर्व की शुरुआत करने के लिए तीनों बालू लाने गई थीं।
सड़क हादसे में महिला की मौत
वहीं झारखंड के पलामू जिले के शहर थानाक्षेत्र के पांकी रोड में जनकपुरी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जो अपने भाई के श्राद्ध से वापस लौट रही थी । दरअसल, गुरुवार रात को स्कॉर्पियो और ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में एडमिट कराया गया है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय पचिया देवी के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications