गिरिडीहः जेल से रिहा होकर घर आई महिला को डायन बताते हुए पीट-पीटकर मार डाला, बेटी-सास को भी पीटा
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 30 साल की महिला को डायन बताते हुए पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस दौरान जब लोग महिला को पीट रहे थे तो उसकी सास और बेटी बचाने गई तो लोगों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना गावां थाना क्षेत्र के खेशनरो गांव की है। इस मामले में मृतक महिला के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गई है।

सोमवार को मायके से लौटी थी ससुराल
बता दें कि 13 दिन पहले खेशनरो की रहने वाले महिला के रिश्ते में लगने वाले ससुर मुंशी महतो का 26 वर्षीय पुत्र रोहित यादव की अचानक मौत हो गई थी। उसी समय से मौत के लिए महिला को जिम्मेवार बताते हुए जान से मार देने की धमकी मुंशी महतो व उसके घर वाले दे रहे थे। उस वक्त महिला अपने मायके चली गई थी। बीते सोमवार को महिला अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची।

बीच सड़क पर लाठी-डंडे से पीटा
उसके घर आते ही मुंशी महतो और उसके घरवालों ने महिला को घेर लिया फिर सभी ने लाठी-डंडे से उसे पीटना शुरू कर दिया। महिला को बचाने के लिए जब उसका भाई, सास और बेटी आई तो सभी को मारपीट कर लोगों ने भगा दिया। इसके बाद महिला को बीच सड़क पर बेरहमी से लाठी-डंडे से पीटते रहे और महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतक महिला की सास ने बताया कि पहले भी पड़ोस में रहने वाले मुंशी महतो के घर वाले उसकी बहू पर डायन बिसाही का आरोप लगाकर प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार की सुबह जब बहू अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची तो 10 से 15 की संख्या में मुंशी महतो व अन्य लोग आए और उसे लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

डायन का आरोप लगाते थे पड़ोसी
महिला के शव को कब्जे में कर थाने ले गई। गावां थाना के प्रभारी थाना प्रभारी परमेश्वर ने बताया को खेशनरो गांव में एक 30 वर्षीय महिला की डायन-जोगिन का आरोप लगाकर पीट पीटकर हत्या कर दी गई है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया है। मृतका के परिजनो द्वारा दिए गए आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

दोनों पड़ोसियों के बीच पुराना विवाद
महिला का पति व उसके दोनों बेटे दिल्ली में रहकर काम करते हैं। घर मे महिला, उसकी सास व दो बेटियां रहती हैं। 13 दिन पूर्व जब अचानक मुंशी महतों के पुत्र रोहित की मौत हुई तब से मुंशी महतो का परिवार इस महिला को ही उसकी मौत का जिम्मेदार बता रहा था। महिला की पीट पीटकर हत्या करने के मामले में विवाद पुराना है।

महिला पहले जा चुकी थी जेल
डेढ़ साल पूर्व भी मुंशी महतो व गीता देवी के बीच झगड़ा चल रहा था, जिसमें मुंशी महतो के रिश्ते के एक भतीजे बालेश्वर यादव पर छत से गीता देवी ने ईंट पत्थर से प्रहार कर दिया था। इस घटना में बालेश्वर की जान चली गई थी। इस घटना में महिला जेल गई थी। इधर आठ माह पूर्व महिला जेल से निकली थी।












Click it and Unblock the Notifications