गढ़वाः शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट और फिर खुद लगा ली फांसी
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के चुटिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार की देर रात को आपसी झगड़े में पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया और फिर जंगल में जाकर खुद फांसी लगा ली। झगड़े के दौरान दंपति नशे में धुत थे और दोनों में अक्सर आए दिन झगड़ा होता रहता था। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक दंपति की पहचान रंका थाना क्षेत्र के चुटिया गांव के रहने वाले 40 वर्षीय पति शिवनाथ मांझी और 35 वर्षीय पत्नी चंद्रावती देवी के रूप में हुई है। दोनों के दो बेटे और एक बेटी है। वहीं मामले को लेकर रंका थाना के प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि दंपति के बीच हमेशा झगड़ा होता रहता था। इसी दौरान शुक्रवार की रात दोनों में झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि शिवनाथ मांझी ने लोहे की रॉड से वार कर चंद्रावती देवी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला और बगल के जंगल में पहुंचा। वहां शिवनाथ मांझी ने पेड़ से फंदा बना खुद भी फांसी लगा ली।
झोलाछाप डॉक्टर ने लगाई थी सुई, महिला की हुई मौत
वहीं जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के रक्सी पंचायत के अकेलवा गांव में शुक्रवार की शाम को झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है। महिला के हाथ में जख्म था और वो झोलछाप डॉक्टर के पास इलाज के लिए गई थी।
वहां महिला को आरोपी ने दो इंजेक्शन लगा दिया। इससे महिला तड़पने लगी और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications