Jharkhand: बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी पर केस दर्ज, शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन पर की थी आपत्तिजक टिप्पणी
Babulal Marandi: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ रांची के कांके पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है। यह एफआईआर शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में दर्ज हुई है।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ यह एफआईआर 23 अगस्त को सोनू तिर्की की शिकायत के बाद दर्ज की गई थी। झामुमो नेता और कांके पतराटोली निवासी सोनू तिर्की ने तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा कि 16 अगस्त को एक फेसबुक पेज पर बाबूलाल मरांडी का बयान पोस्ट किया गया है।

इसमें उन्होंने अपने राजनीतिक लाभ के लिए सोरेन परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की और इससे उनकी और आदिवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। FIR में आरोप लगाया गया है कि भाषण और सोशल मीडिया के माध्यम से विद्वेष फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने के ऐसे घृणित शब्दों का प्रयोग किया है।
सोनू तिर्की की तहरीर पर कांके पुलिस ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ आईपीसी की धारा 500, 504, 505 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही, इस मामले की जांच सब इंस्पेक्टर संजय नायक को सौंपी गई है।
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ केज दर्ज होने के बाद प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी का बयान सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की 'संकल्प यात्रा' से राज्य सरकार व सीएम हेमंत सोरेन घबरा गए हैं।
इसलिए राज्य सरकार के इशारे पर बाबूलाल मरांडी के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इससे बाबूलाल डरने वाले नहीं है। संकल्प यात्रा निकलने के बाद अब तक बाबूलाल मरांडी के खिलाफ सरकार प्रायोजित चौथा मुकदमा दर्ज कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications