सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन ने सैनिकों को किया नमन
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के वीर सैनिकों को नमन किया है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से सैनिक कल्याण कोष में हर संभव बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर देश के जांबाज सैनिकों की वीरता, अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करता हूं। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आप सभी से अपील करता हूँ कि शहीद सैनिकों के आश्रितों और निःशक्त जवानों एवं उनके परिजनों के कल्याणार्थ गठित सैनिक कल्याण कोष में हरसंभव योगदान दें।

बता दें कि हर वर्ष 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। यह दिन खास तौर पर भारतीय सेना के जवानों, शहीदों और सेवानिवृत्त कर्मियों को समर्पित है। इस दिन को नौसेना, वायुसेना और थलसेना के जवानों के परिवार के कल्याण के तौर पर मनाया जाता है। वर्ष 1949 से लगातार इस दिवस के मनाया जा रहा है।
देश के लिए जिन जवानों ने अपने प्राण दे दिए या फिर जिन्होंने जंग के मैदान में अपने शरीर के अंग गंवा दिए, उनके लिए यह दिन आर्थिक मदद का अवसर मुहैया कराता है। आप इस दिन आर्म्ड फोर्स फ्लैग डे फंड में चंदा दे सकते हैं। लोगों के बीच सशस्त्र सेना झंडा बांटकर चंदा इकट्ठा किया जाता है। इस चंदे का इस्तेमाल सैनिकों के कल्याण के लिए किया जाता है।
इस दिन देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। लोगों से अपील की जाती है कि वह इस झंडे का वितरण करें। यह झंडा लाल, गरा नीला और हल्का नीला रंग का होता है। इससे इकट्ठा हुआ पैसा शहीदों के परिवारों के पुनर्वास, सेवानिवृत्त एवं सेवारत सैनिकों के परिवारों के कल्याण में इस्तेमाल होता है।












Click it and Unblock the Notifications