झारखंडः अस्पताल के वार्ड में एक शख्स ने बुजुर्ग मरीज को लोहे की छड़ से पीट-पीटकर मार डाला
चतरा। झारखंड के चतरा के जिला सदर अस्पताल में दिल दहना देने वाली घटना सामने आई है, जहां रविवार की शाम एक बुजुर्ग मरीज की उसी के वार्ड में भर्ती दूसरे मरीज ने छड़ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या का आरोपी मरीज विजय महतो मानसिक विक्षिप्त बताया जाता है। इस सनसनीखेज घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वार्ड में लोग जमा हो गए। हालांकि तब तक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया था।

अस्पताल में मारे गये मरीज का नाम डढन भुइया है और वह डाडी गांव का रहने वाला था। डढन भुइया को 20 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जबकि आरोपी गिद्धौर निवासी मानसिक विक्षिप्त विजय महतो को 29 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वारदात के बाद विजय महतो को अस्पतालकर्मियों ने पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल पर मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से यह वारदात हुई है। जिस समय विक्षिप्त मच्छरदानी टांगने के लिए इस्तेमाल किए जानेवाले छड़ से बुजुर्ग को पीट रहा था उस समय अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने हुए थे। इस घटना को लेकर सदर अस्पताल प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। घटना के बाद अस्पताल का कोई भी पदाधिकारी वहां नजर नहीं आया।












Click it and Unblock the Notifications