झारखंडः BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ का निधन, सीएम सोरेन ने जताया दुख
रांची। कोरोना वायरस के चपेट में अब आम लोगों के साथ-साथ राजनेता भी आने लगे हैं। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा का बुधवार को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। लक्ष्मण गिलुवा 56 वर्ष के थे। बुधवार की देर रात जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 22 अप्रैल से ही अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वहीं उनके निधन से सिंहभूम भाजपा में शोक की लहर है।

बता दें कि लक्ष्मण गिलुवा सिंहभूम भाजपा के बड़े कद के नेता थे और कोल्हान क्षेत्र के भाजपा के संगठन को बढ़ाने में उनका अहम योगदान था। वे दो बार 1999 और 2014 में सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गये थे और चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से 1995 और 2009 में दो बार विधायक भी रहे थे। इसके साथ ही 2017 से 2019 तक वे भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी थे।
लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि पूर्व सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय लक्ष्मण गिलुवा जी के निधन की सूचना से अत्यंत मर्माहत हूँ। वह एक सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। झारखण्ड की राजनीति में उनकी कमी हमेशा खलेगी। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
वहीं झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि भाजपा झारखण्ड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष,पूर्व सांसद,सरल व्यक्तित्व आदरणीय श्री लक्ष्मण गिलुआ जी के निधन से मर्माहत हूँ,यह पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को शान्ति व शोकाकुल परिजनो और समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।












Click it and Unblock the Notifications