कोडरमा के पास मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों का संचालन बाधित
Railway Accident: धनबाद डिवीजन में रेल हादसा सामने आया है। यहां आज सुबह 6.24 बजे मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतर गए। ईस्ट सेंट्रल रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आज सुबह 6:24 बजे धनबाद डिविजन में गुर्पा स्टेशन और कोडरमा स्टेशन के बीच मानपुर रेलवे सेक्शन के पास कोयले से लदे 53 मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। मालगाड़ी के इन डिब्बों के पटरी से उतरने की वजह से इस ट्रैक पर आने और जाने वाली ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। अच्छी बात यह है कि इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई है।

Recommended Video
शुरुआती जांच के अनुसार घाट सेक्शन से गुजरते वक्त मालगाड़ी का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद ढलान की वजह से ट्रेन की रफ्तार अधिक हो गई। ट्रेन चालक इसकी रफ्तार को कम करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गुरपा स्टेशन पहुंचने तक ट्रेन पटरी से उतर गई। सूत्रों के मुताबिक ट्रेन की 55 बोगियां पटरी से उतर गईं। हालांकि इंजन व उसके पीछे का एक डिब्बा और पीछे की 5 बोगियां बच गई हैं। घटना के बाद राहत और बचाव का कार्य शुरू कर दिया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
जानकारी के अनुसार ट्रेन में सवार लोको पायलट और गार्ड पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हालांकि ट्रेन के डिब्बों में लदा कोयला बिखर गया है। जिस वक्त ट्रेन पटरी से उतरी काफी तेज आवाज आई, जिसके बाद स्थानीय लोग रेल पटरी की ओर भागे। इस हादसे में रेलवे के ट्रैक्शन पोल के तार तक बुरी तरह से टूट गए। हादसे के बाद रेलवे की राहत एवं बचाव की टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे की वजह से गया और धनबाद रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से बाधित हो गया, जिसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications