'भाजपा जिंदाबाद कहोगे तब काम होगा', समस्या लेकर आए किसानों से बोले सांसद
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में भाजपा सांसद अनुराग शर्मा ने किसानों से कहा कि अगर वे भाजपा जिंदाबाद बोलेंगे तभी काम होगा। झांसी-ललितपुर सांसद इलाके में गौशाला और पुस्तकालय के उद्घाटन के सिलसिले में आए थे जहां किसानों से उन्होंने यह बात कही। किसान नेता ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि सांसद को इतनी समझ नहीं है कि किसानों ने वोट दिया है तभी वह जीते हैं।

झांसी का मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के बम्होरी गांव में आए क्षेत्रीय सांसद अनुराग शर्मा को समस्या बताने किसान जमा हुए। इंतजार कर रहे किसानों ने उनको ज्ञापन पत्र दिया तो सांसद अनुराग शर्मा कहने लगे कि भाजपा जिंदाबाद बोलोगे तभी ज्ञापन पर कार्रवाई होगी। किसान नेता गौरीशंकर विदुआ ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि सांसद को बुंदेलखंड के किसानों का दर्द मालूम नहीं है क्योंकि वे बड़े आदमी हैं। अगर वे जान रहे होते तो भाजपा जिंदाबाद कहने को नहीं बोल रहे होते।

किसान नेता ने कहा कि अगर किसानों ने जिंदाबाद नहीं कहा होता तो क्या बुंदेलखंड से भाजपा के 19 विधायक और 4 सांसद बन पाते। अगर जिंदाबाद आगे बोलवाना है तो सांसद को काम करना पड़ेगा। सांसद के धमकाने से किसान डरनेवाले नहीं हैं। इस उम्मीद में हमलोगों ने भाजपा को वोट दिया था कि सांसद समस्या का समाधान करेंगे। भाजपा ऐसी भाषा बोलनेवालों पर प्रतिबंध लगाए वरना सपा-बसपा से भी बुरा हाल होगा।












Click it and Unblock the Notifications