UP News: शराबियों की प्यास बुझाती थी हैंडपंप, सूचना मिली तो पुलिसकर्मी भी गैलन लेकर पहुंचे, देखें Video
UP News: अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। ऐसे में अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों द्वारा भी पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला झांसी से आया है जिससे देखकर आबकारी विभाग और पुलिस टीम भी हैरान है।
दरअसल, यह पूरी घटना झांसी जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के बसरिया डेरा की है। बताया जा रहा है कि पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि बसरिया डेरा में अवैध कच्ची शराब का निर्माण करने के साथ ही शराब बेची जा रही है।

ऐसे में आबकारी विभाग और पुलिस टीम द्वारा सोमवार को वहां छापेमारी की गई। छापेमारी करने पहुंची टीम को वहां पर शराब बनाने वाले उपकरण मिले लेकिन अवैध शराब नहीं मिली। टीम द्वारा घर की तलाशी ली गई लेकिन वहां से भी अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
उसके बाद टीम के सदस्य द्वारा घर में लगे हैंडपंप को चलाया गया तो उसमें से पानी की जगह शराब निकलने लगी। उसके बाद पुलिसकर्मी गैलन लेकर पहुंचे और एक के बाद एक कई गैलन शराब हैंड पंप से बरामद की गई।
अवैध शराब बेचने वालों का तरीका देखकर पुलिसकर्मी और आबकारी विभाग की टीम भी हैरान रह गई। हैंडपंप चला कर शराब निकालने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शराब बनाने वाली भट्ठी को बुलडोजर की मदद से नष्ट कर दिया गया।
इस बारे में एसडीएम मऊरानीपुर गोपेश तिवारी द्वारा बताया गया कि अवैध शराब बनाए जाने और बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद आबकारी और पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान 100 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई तथा वहां पर मिली लहन भी नष्ट कर दी गई।
देखें Video-
उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी से पहले ही अवैध शराब बनाने वालों को इसकी भनक लग गई थी। ऐसे में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही सभी लोग भाग गए थे। इस काम में लगे लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications