शराब पीने के दौरान विवाद में ग्राम प्रधान की हत्या
बांदा। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में गुरुवार देर शाम शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक ग्राम प्रधान की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना जिले के पहाड़ी थाने के अंतर्गत पिपरोदर गांव की है, जहां विवाद के दौरान रानीपुर भट्ट गांव के प्रधान पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, घटना में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटना के संबंध में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थाना अध्यक्ष शैल सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "रानीपुर भट्ट गांव के ग्राम प्रधान कैलाश पटेल (38) अपने रिश्तेदार छंगू पटेल के घर निमंत्रण में पिपरोदर गांव गए हुए थे, वहां शराब पीने के दौरान छंगू के बेटे कल्लू और प्रधान के बीच विवाद हुआ, जिस दौरान कल्लू ने उनपर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।"
उन्होंने बताया, "घटना के समय मौजूद तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए कुल्हाड़ी को आरोपी के घर से बरामद कर लिया गया है।" पुलिस ने बताया कि फिलहाल कल्लू फरार है। मामले की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications