UP News: दो युवकों ने की शादी, इलाके में चर्चा, इंस्टाग्राम से बढ़ी नजदीकियां, अब सीएम पोर्टल पर मांगी मदद
UP News: सोशल मीडिया के इस दौर में कब और कहां किसे प्यार हो जाए, यह कहना मुश्किल है। अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शुरू हुई दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल जाती है। ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से सामने आया है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दो युवकों की इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद दोनों में चैटिंग होने लगी और पहले गहरी दोस्ती हुई और फिर दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। फिर दोनों साथ जीने मरने की कसम खाने लगे।

दोनों ने दावा किया है कि उन्होंने शादी कर ली है और अब शादी के बाद साथ रहना चाहते हैं। हालांकि, परिवार वालों की असहमति और विरोध के बाद दोनों युवक एक-दूसरे के साथ रहने पर अड़े हैं और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
दोस्ती से मोहब्बत और फिर शादी
दरअसल, केराकत थाना क्षेत्र के एक गांव का 18 वर्षीय युवक अपने परिवार के साथ मुंबई में रहता था। सात महीने पहले उसकी दोस्ती जफराबाद क्षेत्र के 24 वर्षीय युवक से इंस्टाग्राम पर हुई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने थाने में बताया कि उन्होंने शादी कर ली है।
कुछ दिन पहले मुंबई में रहने वाला युवक अपने साथी के घर जफराबाद आ गया। उसके बाद वह अपने सहयोगी युवक के साथ रहने लगा। बाद में परिवार के लोगों ने उसे वापस मुंबई ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह फिर से भागकर जफराबाद आ गया।
जब परिजनों ने पूछताछ की तो उन्हें पूरा मामला समझ में आया, जिसके बाद परिवार के होश उड़ गए। लोक लाज के डर से परिजनों ने किसी को नहीं बताया और दोनों को एक दूसरे से दूर रखने की कोशिश की लेकिन वे असफल रहे। मामला विवाद तक पहुंच गया।
पुलिस ने दी सलाह, परिजनों को समझाया
इसके बाद दोनों युवकों ने आरोप लगाया कि उनके परिवार वाले उन्हें अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर एक युवक ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की। थाना प्रभारी जेपी यादव ने भी उन्हें समझाया लेकिन वे नहीं माने। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications