Jaunpur News : चोर ने स्कूल में ब्लैकबोर्ड पर लिखा 'मेरी जान‚ मैं चोर नहीं हूं' और गायब कर दिया अनाज
जौनपुर में सरकारी विद्यालय में चोरी करने वाले एक चोर की करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। चोर ने ब्लैक बोर्ड पर लिखा 'मेरी जान, मैं चोर नहीं हूं'।

Jaunpur जिले के सरकारी स्कूल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जौनपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में अनाज चोरी करने के बाद चोर स्कूल में लगे ब्लैक बोर्ड पर एक ऐसा संदेश लिखकर गया कि उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस फोटो को शेयर करने के साथ ही लोगों द्वारा तरह तरह के कमेंट भी किए जा रहे हैं।

संदेश देखकर हैरान रह गए अध्यापक
दरअसल जौनपुर जनपद के जफराबाद थाना अंतर्गत धर्मापुर क्षेत्र के रत्तीपुर गांव का है। गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में रात में एक चोर पहुंचा और विद्यालय के रसोईघर में रखे अनाज और खेल के सामानों को चोरी कर लिया। चोरी करने के बाद चोर ने विद्यालय के एक कमरे में बने ब्लैक बोर्ड पर लिखा कि ' मेरी जान, मैं चोर नहीं हूं'। बुधवार की सुबह प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश यादव जब विद्यालय में पहुंचे और ब्लैक बोर्ड पर लिखा हुआ यह मैसेज देखे तो वह भी हैरान रह गए।

अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में दर्ज कराया मुकदमा
ब्लैक बोर्ड पर लिखा संदेश पढ़ने के बाद प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश यादव रसोईघर में गए। उन्होंने देखा कि रसोईघर में बच्चों के मिड डे मील बनाने के लिए रखा गया अनाज गायब था। अनाज गायब होने के अलावा बगल के कमरे में रखे गए बच्चों के खेल की सामग्री भी चोरी हो गई थी। चोरी होने की जानकारी उन्होंने 112 नंबर डालकर पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर लौट गई। बाद में प्रधानाध्यापक जफराबाद थाने पहुंचे और अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जफराबाद थाने की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

अनाज चोरी होने के चलते भूखे रह गए बच्चे
मध्यान भोजन बनाने के लिए रखे गए अनाज चोरी हो जाने के बाद एमडीएम नहीं बन सका और विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे बुधवार को भूखे रह गए। हालांकि प्रधानाध्यापक और कुछ अध्यापकों द्वारा अपने पैसे से बच्चों के खाने के लिए टॉफी और बिस्कुट मांगा गया था। फिलहाल विद्यालय में अनाज चोरी करने के साथ ही ब्लैक बोर्ड पर ऐसा संदेश लिखने वाले चोर को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। विद्यालय में पहुंचे किसी व्यक्ति द्वारा ब्लैक बोर्ड पर लिखे संदेश का फोटो बना लिया गया और वही फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications