Jaunpur Accident News: जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर ट्रक और कार की टक्कर, बिहार के रहने वाले 6 लोगों की मौत
Jaunpur Accident News: यूपी के जौनपुर में रविवार तड़के एक सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के रहने वाले बताये जा रहे हैं। सभी लोग शादी के लिए लड़की देखने बिहार से प्रयागराज के झूंसी जा रहे थे।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों के परिजनों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस द्वारा बताया गया कि बिहार के सीतामढी जिले के रहने वाले एक परिवार के लोग शादी के लिए लड़की देखने के लिए शनिवार की रात कार से बिहार से यूपी के प्रयागराज के लिए निकले थे। कार में 9 लोग सवार थे। शनिवार-रविवार की रात करीब ढाई बजे सभी लोग जौनपुर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में जौनपुर-आमगढ़ हाईवे पर केराकत तिराहे के पास कार चालक ने प्रयागराज जाने के लिए कार मोड़ी। उसी समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
कार 10 मीटर तक घिसटती चली गई
हादसे की समय ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी की टक्कर के बाद कार करीब दस मीटर तक घिसटती चली गई। टक्कर लगने के चलते कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर ट्रक को छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गए। वहीं स्थानीय लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां जांच के दौरान चिकित्सकों द्वारा 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे, जिनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद क्रेन और जेसीबी मंगा कर पुलिस द्वारा दोनों वाहनों को सड़क से किनारे हटवाया गया। उसके बाद वाहनों का आवागमन प्रारंभ हुआ। पुलिस द्वारा दुर्घटना में करने वाले लोगों के परिजनों को सूचना दे दिया गया है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
इन लोगों की हुई है मौत
इस हादसे में 60 वर्षीय गजाधर शर्मा पुत्र लक्ष्मण शर्मा, 57 वर्षीय जवाहर शर्मा पुत्र राम प्रताप शर्मा, 35 वर्षीय अनीश शर्मा पुत्र गजाधर शर्मा, 34 वर्षीय सोनम पत्नी बजरंग शर्मा, 32 वर्षीय रिंकू पत्नी पवन शर्मा, 17 वर्षीय गौतम शर्मा पुत्र जवाहर शर्मा आदि 6 लोगों की मौत हो गई।
सभी लोग बिहार के सीतामढ़ी जनपद के रीगा थाने के स्टेशन रोड रीगा के रहने वाले हैं। इसके अलावा इस हादसे में 25 वर्षीय जीतू शर्मा पुत्र अवधेश शर्मा तथा 40 वर्षीय मीना देवी पत्नी गजाधर शर्मा और 7 वर्षीय युग शर्मा पुत्र बजरंग शर्मा गंभीर रूप से घायल है जिनका इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications