जम्मू कश्मीर के कुलगाम में स्कूल टीचर की गोली मारकर हत्या
श्रीनगर, 31 मई: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को एक स्कूल टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान जम्मू क्षेत्र के सांबा की रहने वाली 36 साल की रजनी बाला के तौर पर हुई है। रजनी बाला को कुलगाम के गोपालपोरा इलाके में गोली मारी गई, जहां वह एक शिक्षक के रूप में तैनात थी। हमले में गंभीर रूप से घायल रजनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। राज्य पुलिस ने कहा है कि रजनी को आतंकियों ने निशाना बनाया है।

कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर बताया है कि कुलगाम के गोपालपोरा स्थित हाई स्कूल में एक महिला शिक्षक पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की। गोली लगने के बाद उनको अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने घटना में शामिल आतंकवादियों की जल्दी ही पहचान कर पकड़ लेने की बात कही है।
परिजन बोले- हमें इंसाफ मिले
आतंकी हमले का शिकार रजनी के परिजनों का कहना है कि टारगेट किलिंग को लेकर सरकार को कुछ करना चाहिए। खासतौर से कर्मचारियों को सुरक्षा दी जानी चाहिए। उनके एक अन्य रिश्तेदार ने कहा, मैं नहीं जानता कि मैं क्या कहूं। वह मेरी भाभी थी और 2 महीने पहले यहां आई थी। उसने कहा था कि सब कुछ ठीक है और उसे कोई खतरा नहीं है। अचानक कुछ समय पहले उसने कहा था कि कुछ चीजों को लेकर उनको डर है और आज ये हादसा हो गया। हमें सरकार से इंसाफ चाहिए और जिन्होंने भी हमला किया उसे सजा दी जाए।
बता दें कि हाल के दिनों में कश्मीर में आम लोगों पर हमले बढ़े हैं। बीते कुछ दिनों में लगातार आम लोगों को आतंकियों ने निशाना बनाया है। कई कश्मीर पंडित भी आतंकियों की गोली का निशाना बने हैं, जिसको लेकर कश्मीरी पंडित काफी समय से विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications