JK Election 2024: बीजेपी ने जारी की 15 उम्मीदवारों की संशोधित लिस्ट, पहले चरण के नामों में कोई बदलाव नहीं
JK Assembly Election 2024: जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी थोड़ी देर पहले जारी की गई उम्मीदवारों की लिस्ट को वापस लेने के बाद अब फिर से बीजेपी ने अपनी संशोधित लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी की ओर से 15 उम्मीदवारों की संशोधित सूची जारी कर दी गई है। इसी के साथ पार्टी ने एक और उम्मीदवार के नाम का ऐलान करते हुए दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है।
इससे पहले सोमवार सुबह पार्टी की ओर से 44 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की गई थी, लेकिन सूची को कुछ ही देर बाद वापस ले लिया गया था। इसके बाद फिर से पार्टी की ओर से नई लिस्ट जारी की गई है, हालांकि पहले चरण के तहत किए गए 15 नामों के ऐलान के साथ लिस्ट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इससे पहले बताया जा रहा था कि कुछ बदलाव करने के बाद बीजेपी फिर से नई सूची जारी करेगी। हालांकि 15 उम्मीदवारों के नामों को लेकर किसी तरह का बदलाव सामने नहीं आया है।
44 नामों के बाद अब 15 की घोषणा
भाजपा ने संशोधन की जरूरत का हवाला देते हुए 44 उम्मीदवारों की घोषणा को वापस ले लिया है। बता दें कि इससे पहले उम्मीदवारों की लिस्ट के तहत पहले चरण (18 सितंबर) के लिए 15 उम्मीदवार, दूसरे चरण (25 सितंबर) के लिए 10 उम्मीदवार और तीसरे चरण (1 अक्टूबर) के लिए 19 उम्मीदवार उतारे थे।
हालांकि अब पार्टी की ओर से सिर्फ पहले चरण के 15 नामों का ऐलान किया गया है। साथ ही पार्टी की ओर से कहा गया है कि इससे पहले दूसरे और तीसरे चरण के घोषित नामों को अमान्य करार दिया जाए।
नई लिस्ट में वो ही पुराने नाम
पुरानी लिस्ट की तरह नई लिस्ट में भी कोई बदलाव ना करते हुए पहले चरण के 15 नामों की घोषणा की है। पार्टी ने पम्पोर से इंजी. सैयद शौकत गयूर अंद्रबी, राजपोरा से अर्शीद भट्ट, शोपियां से जावेद अहमद कादरी, अनंतनाग पश्चिम से मोहम्मद रफीक वानी,अनंतनाग से अधिवक्ता सैयद वजाहत का नाम शामिस हैं।
ऐसे ही श्रीगुफवाड़ा बिजबेहरा से सोफी यूसुफ, शानगुस अनंतनाग पूर्व से वीर सराफ, इंद्रवाल से तारिक कीन, किश्तवाड़ से शगुन परिहार, पाडेर नागसेनी से सुनील शर्मा, भदरवाह से दलीप सिंह परिहार, डोडा से गजे सिंह राणा, डोडा पश्चिम से शक्ति राज परिहार, रामबन से राजेश ठाकुर और बनिहाल से सलीम भट्ट को उम्मीदवार बनाया है।
दूसरी लिस्ट में सिर्फ एक नाम का ऐलान
भाजपा ने पहली लिस्ट जारी करने के बाद अब दूसरी सूची में एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की है। पार्टी ने कोकरनाग सीट से चौधरी रोशन हुसैन गुज्जर को अपना प्रत्याशी बनाया है।
पार्टी ने सिर्फ एक महिला उम्मीदवार शगुन परिहार को भी मैदान में उतारा है, जो किश्तवाड़ से चुनाव लड़ेंगी।मालूम हो कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 18 सितंबर से 1 अक्टूबर तक तीन चरणों में होने वाले हैं। परिणाम 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications