Kashmir: पीएम पैकेज के तहत रोजगार पाने वालों पर हमले का खतरा, लश्कर ने जारी की लिस्ट
कश्मीर घाटी में लश्कर ने अब उन कर्मचारियों को धमकी दी है, जिनको पीएम पैकेज के तहत नौकरी मिली है। इससे पहले भी आतंकियों ने कई बार प्रवासी मजदूरों पर हमला किया था।

इस साल कश्मीर घाटी में कई कमांडर मारे गए, जिससे आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। आमने-सामने की लड़ाई में सुरक्षाबलों से मिली हार के बाद वो बेगुनाह लोगों पर हमला कर रहे। हाल ही में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने एक लिस्ट जारी की, जिसमें पीएम पैकेज के जरिए रोजगार पाने वाले कर्मचारियों के नाम हैं। आतंकियों ने उन पर हमला करने की धमकी दी है। जिसके बाद से घाटी में रहने वाले हिंदू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षा की मांग कर रहे।
दरअसल कश्मीर में बहुत से लोगों को पीएम पैकेज के जरिए रोजगार दिए गए हैं। जिससे वो आराम से वहां पर रहकर अपना परिवार चला सकें, लेकिन आतंकियों को ये बात नहीं पसंद आ रही। इसी वजह से लश्कर ने 10 कर्मचारियों के नाम जारी किए हैं। साथ ही उन पर हमले की धमकी दी। इसके बाद से घाटी में रहने वाले हिंदुओं में डर का माहौल है। वो लगातार केंद्र सरकार और उपराज्यपाल से अपनी सुरक्षा के लिए गुहार लगा रहे हैं।
यूनिक डेटाबेस तैयार कर रही सरकार
आपको बता दें कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में रहने वाले लोगों का एक यूनिक फैमिली आईडी तैयार करवा रही, जिसके तहत सभी परिवारों का डेटाबेस बनाया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस यूनिक आईडी से विभिन्न सामाजिक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के चयन को आसान बनाना है, लेकिन विपक्षी दलों ने इस पर भी सियासत शुरू कर दी है।
महबूबा ने कही ये बात
पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने यूनिक आईडी का विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि घाटी के लोगों पर नजर रखने के लिए सरकार ने ये कदम उठाया है। सरकार को पता है कि 2019 के बाद से लोगों की नजर में उसका विश्वास कम हो गया है। कश्मीरी लोगों को पहले से ही शक की नजर से देखा जाता था और अब सरकार उनकी जिंदगियों पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications