कश्मीर में शुरू हुआ हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का 'चिल्ला कलां', 40 दिन चलेगा
कश्मीर मे शुरू हुआ हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का 'चिल्ला कलां', 40 दिन चलेगा
श्रीनगर, 21 दिसंबर: कश्मीर घाटी में मंगलवार (21 दिसंबर) से भीषण ठंड का चिल्ला कलां शुरू हो गया है। घाटी में ठंड का चिल्ला कलां 40 दिन तक चलेगा और 31 जनवरी को खत्म होगा। कश्मीर में सबसे ज्यादा ठंड के 40दिनों को चिल्ला कलां कहा जाता है। इस दौरान बर्फबारी सबसे ज्यादा होती है और ठंड के चलते कश्मीर का सामान्य जनजीवन भी प्रभावित रहता है। चिल्ला कलां में लोगों को काफी परेशानी का सामना उठाना पड़ता है।

चिल्ला कलां शुरू होने से पहले ही जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते हफ्ते शनिवार को श्रीनगर में शनिवार को मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां पारा शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। अब चिल्ला शुरू होने पर तापमान और नीचे जा सकता है।

70 दिन का माना जाता है सर्दियों का चिल्ला
कश्मीर में सर्दियों का 70 दिन का चिल्ला माना जाता है। जिसमें 40 दिन का चिल्ला कलां यानी बड़ा चिल्ला होता है। इसके बाद चिल्ला खुर्द यानी छोटे चिल्ले की शुरुआत होती है जोकि 20 दिन चलता है। इस दौरान ठंड में कमी आने लगती है। इसके बाद 10 दिन का बच्चा चिल्ला माना जाता है, जिसमें सर्दी और कम होने लगती है।












Click it and Unblock the Notifications