कश्मीर: अनंतनाग में आतंकियों ने की बीजेपी नेता और उनकी पत्नी की हत्या, लालचौक के पास मारी गोली
जम्मू, 9 अगस्त: कश्मीर घाटी में धारा 370 हटने के बाद से हालात सामान्य हो रहे हैं। हालांकि ये शांति आतंकियों से बर्दाश्त नहीं हो रही। इसके अलावा सुरक्षाबलों से आमने-सामने की लड़ाई में हार के बाद वो अब छिपकर आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। सोमवार को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में एक आतंकी हमला हुआ, जिसमें बीजेपी नेता और उनकी पत्नी घायल हो गईं। बाद में उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को अनंतनाग जिले के लाल चौक पर लोगों की सामान्य आवाजाही थी। तभी कुछ आतंकी वहां पर पहुंचे और उन्होंने बीजेपी किसान मोर्चा के कुलगाम अध्यक्ष गुलाम रसूल डार पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। उनके साथ मौजूद उनकी पत्नी को भी गोलियां लगीं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। जिस वजह से सुरक्षाबलों की टीम पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान चला रही है।
बीजेपी नेता सबसे ज्यादा निशाने पर
कश्मीर घाटी में मौजूदा वक्त में बीजेपी नेता सबसे ज्यादा आतंकियों के निशाने पर हैं। जून में आतंकियों ने पुलवामा में बीजेपी नेता राकेश सोमनाथ पंडिता की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके पहले बीजेपी के ही वसीम बारी, शब्बीर अहमद बट को निशाना बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ दिनों पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन नेताओं से सुरक्षाकर्मियों को हमेशा साथ रखने की अपील की थी, जिनको सुरक्षा सरकार की ओर मुहैया करवाई गई है।
किश्तवाड़ में बड़ी कामयाबी
वहीं दूसरी ओर जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां पर दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आतंकी संगठन हिजबुल से संबंध रखते हैं। एसएसपी किश्तवाड़ के मुताबिक इलाके में खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सीआरपीएफ और सेना के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जिसमें ये कामयाबी मिली है। गिरफ्तार हुए आतंकियों के पास से गोला-बारूद और हथियार भी बरामद किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications