Bandipora Encounter: बांदीपोरा के जंगल में जारी मुठभेड़ में आतंकवादी ढेर, एक फंसा, ऑपरेशन जारी
Bandipora Encounter: जम्मू-कश्मीर में लगातार आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षा बल और पुलिस मिलकर ऑपरेशन चला रही है। ऐसे में मंगलवार (05 नवंबर) को बांदीपोरा के जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर हो गया, जबकि एक के फंसे होने की खबर है। बांदीपोरा के केटसुन वन इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आतंकवादी मारा गया है।
बांदीपोरा जिले के वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। घाटी के उत्तरी इलाके में आतंकवादी गतिविधि की खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार जब आतंकवादियों ने आगे बढ़ रहे बलों पर गोलियां चलाईं, तो मुठभेड़ शुरू हो गई।

एक और आतंकी के छिपे होने की खबर
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि जंगल के इलाके में चल रही मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है, साथ ही कहा गया है कि एक अन्य फंसे हुए आतंकवादी के भी मारे जाने की संभावना है। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को केटसुन वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।
सर्चिंग के दौरान चलाई गोलियां
चिनार कॉर्प्स, भारतीय सेना ने ट्वीट करते हुए बताया कि सामान्य क्षेत्र केतसन जंगल में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा बांदीपुरा के सामान्य क्षेत्र चुंटावाड़ी केतसन में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। संपर्क स्थापित किया गया और गोलीबारी शुरू हुई। ऑपरेशन जारी है।
इससे संबंधित एक घटना में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 22आरआर और 92 बीएन के साथ मिलकर एक आतंकवादी सहयोगी को पकड़ा, जिसकी पहचान जम्मू-कश्मीर के सोपोर के तुजार शरीफ निवासी आशिक हुसैन वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई है।
खानयार मुठभेड़ एक आतंकी ढेर
इससे पहले 2 नवंबर को भी श्रीनगर के खानयार में मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया था। इस एनकाउंटर में चार जवान घायल हुए थे। वहीं रविवार (3 नवंबर) को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (टीआरसी) और संडे बाजार में ग्रेनेड हमले में एक महिला समेत बारह लोग घायल हो गए थे, जिसके बाद आतंकवादियों पर कार्रवाई की गई है।












Click it and Unblock the Notifications