बडगाम में जवानों पर आतंकियों ने की फायरिंग, एक नागरिक घायल
नई दिल्ली, 21 सितंबर: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन जारी है। आमने-सामने की लड़ाई में हार के बाद से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। साथ ही वो छिपकर स्थानीय लोगों और जवानों को निशाना बना रहे। इस बीच मंगलवार को बडगाम के लस्सीपोरा खग गांव में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। जिसमें एक नागरिक के घायल होने की खबर है।

जानकारी के मुताबिक बडगाम के लस्सीपोरा इलाके में जवान नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान आतंकियों ने उनपर अंधाधुंध गोली चला दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला, लेकिन तब तक आतंकी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक सभी जवान सुरक्षित हैं, लेकिन एक नागरिक गोली लगने की वजह से घायल हो गया। जिसे पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद आतंकी फरार हो गए, जिस पर जवानों ने लछमनपोरा बीरवाह इलाके को घेरकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
मजदूर को मारी थी गोली
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को इसी तरह की घटना घटी थी, जहां पर बिहार के मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसकी पहचान बिहार के शंकर चौधरी के रूप में हुई है। कुलगाम के नेहामा में ये हत्या हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन हमलावर अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए। इसके अलावा शुक्रवार को आतंकियों ने कुलगाम में एक और वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया।












Click it and Unblock the Notifications