श्रीनगर के 5 इलाकों में 10 दिनों का कोरोना कर्फ्यू, जानें क्या हैं नियम?
नई दिल्ली, 8 नवंबर: कोरोना वायरस के रोजाना के केस पहले की तुलना में कम हो गए हैं, लेकिन अभी खतरा टला नहीं है। पिछले कुछ दिनों से श्रीनगर में मरीजों की संख्या बढ़ रही थी। जिसको देखते हुए सोमवार को जिला प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया। जिसके तहत शहर के पांच क्षेत्रों में 10 दिनों के लिए सख्त कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया है। ये कर्फ्यू 9 नवंबर की रात 12 बजे (12 AM) से लागू हुआ।

मामले में जिला प्रशासन ने कहा कि लाल बाजार, हैदरपोरा, चनापोरा, बेमिना (हमदानिया कॉलोनी), बेमिना (हाउसिंग कॉलोनी, बिलाल कॉलोनी, एसडीए कॉलोनी) में केस बढ़ रहे थे। ऐसे में वहां पर कोरोना कर्फ्यू लागू करने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने आगे कहा कि ये देखा गया है कि दैनिक सकारात्मक मामलों में से लगभग 63% कुछ विशेष क्षेत्रों से पाए गए हैं। ऐसे में वहां पर पाबंदियां रहेंगी। इस दौरान सिर्फ आपातकालिन सेवाओं को इजाजत मिलेगी।
वहीं प्रतिबंध वाले इलाकों में किराना, सब्जी, मांस, दूध आदि की दुकानें सुबह 7 बजे से 11 बजे तक खुलेंगी। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर जाने से नहीं रोका जाएगा। अगर किसी को आना-जाना है, तो उन्हें ओरिजनल आईडी कार्ड दिखाना होगा। 10 दिन बाद हालात की समीक्षा के बाद आगे का फैसला होगा।
ये हैं आंकड़े
सोमवार को जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 111 नए केस सामने आए, जबकि 3 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों की संख्या 333187 हो गई है। जम्मू डिवीजन में तो हालात नियंत्रण में हैं, जहां पर सिर्फ 19 मामले आए, जबकि बाकि के 92 कश्मीर से आए हैं। इस वजह से प्रशासन ने श्रीनगर में सख्ती बरती है।












Click it and Unblock the Notifications