Terrorist Attack: आतंकी हमले के बाद जम्मू-राजौरी-पुंछ हाईवे पर बढ़ाई सुरक्षा
JK Poonch Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को राजौरी सेक्टर के थानामंडी इलाके में दो सैन्य वाहनों पर आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-राजौरी-पुंछ हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आतंकी हमले में सेना के 4 जवान शहीद हुए हैं।
राजौरी में आतंकवादियों ने सेना के 2 वाहनों पर घात लगाकर हमला किया है। जिसमें 4 जवान शहीद हो गए, जबकि तीन जवान जख्मी हैं। आतंकियों ने गुरुवार को दोपहर 3.45 बजे सेना के 2 वाहनों में जा रहे जवानों पर हमला किया।

ऐसे में आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हमले के बाद शुरुआत में तीन जवानों के शहीद होने की जानकारी मिली थी, लेकिन फिर सेना के एक और जवान ने गभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। जिसके बाद शहीदों की संख्या 4 हो गई।
सेना के एक अधिकारी ने कहा, "21 दिसंबर को लगभग 3:45 बजे, सेना के दो वाहन सैनिकों को लेकर ऑपरेशनल साइट की ओर जा रहे थे, जिन पर आतंकवादी ने गोलीबारी की। गोलीबारी का तुरंत अपने सैनिकों द्वारा जवाब दिया गया।"
संयुक्त अभियान के लिए जा रहे थे जवान
20 दिसंबर की रात से जनरल एरिया डीकेजी (डेरा की गली) में ऑपरेशन चल रहा है।' आतंकियों के हमले के बाद भारतीय सेना के जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। जवान 20 दिसंबर की शाम से इलाके में चल रहे आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान को मजबूत करने जा रहे थे। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन 48 राष्ट्रीय राइफल्स क्षेत्र में हो रहे हैं।
एक महीने में दूसरा हमला
बता दें कि एक महीने से भी कम समय में इसी इलाके में सेना पर आतंकियों की तरफ से ये दूसरा हमला है। इससे पहले 22 नवंबर को राजौरी में हुए एनकाउंटर में 5 जवान शहीद हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications