जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग जाते वक्त रास्ते में महबूबा मुफ्ती की कार दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचीं
Mehbooba Mufti Car Accident: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की कार गुरुवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। पूर्व सीएम की कार जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जाते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
हादसे को लेकर पीडीपी मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री और उनके सुरक्षा अधिकारी बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित बच गए हैं।

संगम इलाके में हादसा
पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की गाड़ी गुरुवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के संगम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक संगम इलाके में हुए इस हादसे में महबूबा मुफ्ती को किसी तरह की चोट नहीं आई, हालांकि लोकल मीडिया रिपोटर्स में कहा गया है कि उनके ड्राइवर के पैर में मामूली चोट आई है।
गाड़ी का अगला हिस्सा डैमेज
हादसे की तस्वीर सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक्सीडेंट कितना भयानक था। गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिस गाड़ी में महबूबा मुफ्ती सफर कर रही थीं वो बुरी तरह से डैमेज हो चुकी है।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक मुफ्ती अनंतनाग के बोट कॉलोनी के आगजनी पीड़ितों से मिलने जा रही थीं, इसी बीच रास्ते में ये हादसा घटित हुआ। फिलहाल वो सुरक्षित हैं और अपने गंतव्य खानबल की ओर सुरक्षित रूप से आगे बढ़ गई हैं।
खानबल इलाके में लगी थी आग
बता दें कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के खानबल इलाके में 8 जनवरी की रात को आग लगने की घटना सामने आई थी। जिसकी चपेट में आकर आठ घर पूरी तरह से खाक हो गए। बोट कॉलोनी खानबल में सोमवार रात को अचानक आग लग गई थी। जिसके पीड़ितों से मिलने के लिए महबूबा मुफ्ती घटनास्थल पर जा रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications